
बैरसिया। अजाक्स के प्रांतीय सम्मेलन में आईएएस संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। बयान सामने आने के बाद प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में रोष फैल गया है। इसी के विरोध में गुरुवार को सर्व ब्राह्मण परिषद, सर्व ब्राह्मण महिला परिषद और परशुराम सेना के संयुक्त नेतृत्व में बैरसिया में विशाल विरोध रैली निकाली गई।
प्रदर्शनकारियों ने सर्व ब्राह्मण परिषद बैरसिया के अध्यक्ष जगदीश गुदेनिया के नेतृत्व में रेंज चौराहा से रैली शुरू की, जो बस स्टैंड चौराहा पहुंचकर बड़े प्रदर्शन में बदल गई। यहाँ लोगों ने आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।
इसके बाद समाज के प्रतिनिधि तहसील कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संतोष वर्मा को तत्काल बर्खास्त करने और उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग रखी गई।
रैली के बाद समाज के सैकड़ों लोग थाने भी पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी की टिप्पणी से प्रदेश की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है और सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुँची है। समाज ने मांग की कि संतोष वर्मा पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
उल्लेखनीय है कि 23 नवंबर 2025 को भोपाल में आयोजित अजाक्स के प्रांतीय सम्मेलन में पदभार ग्रहण करते समय आईएएस संतोष वर्मा द्वारा विवादित टिप्पणी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद विभिन्न संगठनों द्वारा कड़ी निंदा की जा रही है।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि अधिकारी पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल शासकीय सेवा से बर्खास्त किया जाए। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन पर होगी।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, नगर के प्रबुद्धजन और महिलाएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।










