भोपाल में पहली बार LSD ड्रग्स की तस्करी का खुलासा, 12वीं के छात्र की गिरफ्तारी

0
628
WAY NEWS
WAY NEWS

||भोपाल|| राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मिलकर एक सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 19 वर्षीय छात्र को एलएसडी (LSD) ड्रग्स की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह भोपाल में LSD ड्रग से जुड़ा पहला मामला है। गिरफ्तार छात्र की पहचान करन शर्मा के रूप में हुई है, जो चांदबड़ क्षेत्र का निवासी है। करन ने यूट्यूब से तरीका सीखकर “Daunt Link” नामक वेबसाइट के जरिए केरल से LSD मंगवाई थी और टेलीग्राम के माध्यम से इसकी बिक्री कर रहा था। बुधवार को क्राइम ब्रांच और दिल्ली NCB की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज़ में आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम ने पोस्टमैन का रूप धरकर आरोपी को पार्सल डिलीवर किया, जैसे ही छात्र ने साइन किए, उसे रंगे हाथों दबोच लिया गया।

कार्रवाई के दौरान छात्र के पास से 1.96 ग्राम LSD जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50,000 रुपये है। यह ड्रग्स साइकेडेलिक कैटेगरी की होती है और व्यक्ति की सोच, भावनाओं और मानसिक स्थिति पर गहरा असर डालती है। इसका प्रभाव 12 घंटे तक रह सकता है।

साइबर क्राइम के एडीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, आरोपी पहले भी दो बार इसी तरीके से ड्रग्स मंगवा चुका है। लेकिन इस बार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी और छात्र पर नजर रखी जा रही थी। चांदबड़ रोड स्थित सिकंदरी सराय पोस्ट ऑफिस में जैसे ही संदिग्ध पार्सल आया, टीम ने मौके पर जाल बिछाया।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। भोपाल जैसे शांत शहर में इस तरह के मामले सामने आना चिंताजनक है और यह युवाओं के बीच नशे के बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करता है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Publishers Advertisement