राजधानी में सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश: युवती की प्लानिंग, महिला और नाबालिग की भागीदारी

0
224
WAY NEWS
WAY NEWS

||भोपाल|| राजधानी के पॉश इलाके चूनाभट्टी में हुई 60 लाख की बड़ी चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस चौंकाने वाले मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला, एक युवती और एक नाबालिग शामिल है। यह गिरोह सुनसान घरों को निशाना बनाता था और चोरी को अंजाम देने से पहले लंबी रेकी करता था। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने नकदी और भारी मात्रा में जेवरात समेत करीब 60 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

युवती ने बनाई थी रेकी की रणनीति
पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह चोरी 24 जून को कृष्णा हाउसिंग सोसायटी, चूनाभट्टी में हुई थी, जहां सराफा और प्लायवुड व्यवसायी रमेशचंद्र जैन की पत्नी उर्मिला जैन (65) अपने परिवार के साथ रहती हैं। जैन परिवार की दोनों दुकानें मंडीदीप में स्थित हैं और वे रोज सुबह घर पर ताला लगाकर काम पर चले जाते हैं। चोरी की वारदात उसी दिन हुई जब परिवार सुबह 10 बजे घर बंद कर दुकान गया और रात करीब 8 बजे लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला।

सीसीटीवी फुटेज बना बड़ा सुराग
घटना की सूचना मिलते ही चूनाभट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गईं, जिनमें एक युवती और एक किशोर को घर की रेकी करते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। एक अन्य कैमरे में दो व्यक्ति चोरी का सामान ले जाते हुए नजर आए, जिससे जांच को दिशा मिली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और भूमिका
पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और फुटेज के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया:

  • सन्नी हरवंश पिता प्रमोद पिल्लई (उम्र 20 वर्ष), निवासी शबरी नगर

  • प्रीति घोषी पिता लाखन सिंह घोषी (उम्र 22 वर्ष), निवासी बंजारी

  • शीतल पत्नी प्रमोद पिल्लई, निवासी शबरी नगर

  • एक नाबालिग किशोर, जिसका नाम कानूनन गोपनीय रखा गया है

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि प्रीति घोषी द्वारा पहले ही मकान की रेकी की गई थी और सूने घर की जानकारी गिरोह को दी जाती थी। उसके बाद सन्नी और अन्य आरोपी मौका देखकर घर में घुसते थे। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी गया सामान बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के जेवरात और नकदी शामिल है। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह अन्य वारदातों में भी शामिल रहा है। जांच टीम अब इनसे जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह सफलता क्राइम ब्रांच और चूनाभट्टी पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क का नतीजा है। यह वारदात एक बार फिर से यह चेतावनी देती है कि सुनसान घर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं। नागरिकों को घर की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम लगाने तथा पड़ोसियों से संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता है।

Publishers Advertisement