
गुरुग्राम, हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी 25 वर्षीय बेटी और राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक फेज-2 में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। आरोपी पिता दीपक यादव को पुलिस ने घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया है।
तीन गोलियों से मौत, पिता ने कबूला अपराध
पुलिस के अनुसार, दीपक यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से बेटी पर पाँच गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां राधिका को कमर के नीचे लगीं। गोली लगने के बाद राधिका को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर लिया है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में दीपक यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह बेटी के टेनिस अकादमी खोलने और सोशल मीडिया पर उसकी सक्रियता को लेकर काफी समय से नाराज था। उसने राधिका से कई बार अकादमी बंद करने की बात कही थी, लेकिन राधिका ने यह बात नहीं मानी।
राधिका के सोशल मीडिया अकाउंट हटाए गए थे
सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले राधिका के सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए गए थे, जिससे संदेह और गहराया है कि यह कदम हत्या की पूर्व तैयारी का हिस्सा हो सकता है। आरोपी पिता को यह भी नागवार था कि लोग उसे ताना देते थे कि वह अपनी बेटी की कमाई पर जीवन यापन कर रहा है।
परिवार में नहीं थी आर्थिक तंगी, फिर क्यों हुई यह वारदात?
गौरतलब है कि यादव परिवार आर्थिक रूप से संपन्न बताया गया है। दीपक यादव का कार एक्सेसरीज़ का कारोबार है और परिवार के पास काफी संपत्ति और जमीन है। इसके बावजूद, पारिवारिक तनाव इस हद तक बढ़ गया कि एक पिता ने अपनी ही बेटी की जान ले ली।
घटना के वक्त घर में थे केवल तीन लोग
वारदात के वक्त घर में राधिका, उसके पिता दीपक यादव और मां मंजू यादव ही मौजूद थे। उनका बेटा दुकान पर गया हुआ था। गोली चलने की आवाज सुनकर दीपक का भाई और उसका बेटा मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने राधिका को रसोई में खून से लथपथ पाया। बंदूक कमरे की मेज पर रखी हुई थी, जिसमें एक कारतूस शेष था।
कौन थीं राधिका यादव?
राधिका यादव एक उभरती हुई टेनिस खिलाड़ी थीं। टेनिसखेलो.कॉम के अनुसार, राधिका की इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) की डबल्स रैंकिंग में सर्वोच्च रैंक 113 थी और वह शीर्ष 200 खिलाड़ियों में शामिल थीं। 23 मार्च 2000 को जन्मी राधिका ने कई राज्य स्तरीय टूर्नामेंट जीतकर अपने खेल कौशल का लोहा मनवाया था। एक मैच के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद राधिका ने खेल से दूरी बनाई और एक टेनिस अकादमी की स्थापना की थी, जिसमें वह युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही थीं।
मां ने दर्ज कराया बयान, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
मृतका की मां मंजू यादव ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि घटना के वक्त वह अपने कमरे में थीं। राधिका को बुखार था और वह किचन में कुछ काम कर रही थी। तभी दीपक ने अचानक गोली चला दी।
पुलिस ने मृतका के चाचा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है और आरोपी पिता दीपक यादव को हिरासत में ले लिया है। गुरुग्राम पुलिस इस मामले की जांच हत्या, घरेलू हिंसा और पूर्व नियोजित अपराध के एंगल से कर रही है।










