रक्षाबंधन से पहले लाडली बहनों को सौगात, 7 अगस्त को खातों में आएंगे पूरे 1500 रुपये — मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

0
375
WAY NEWS
WAY NEWS

भोपाल। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले खुशियों की सौगात आई है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने 27वीं किस्त की तारीख का ऐलान कर दिया है। इस बार योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1.27 करोड़ महिलाओं को एक साथ 1500 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुसार, यह राशि 7 अगस्त 2025 को सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार महिलाओं को दो अलग-अलग हिस्सों में नहीं बल्कि एक साथ पूरी रकम दी जाएगी।

क्या है इस बार की खासियत?

इस बार लाभार्थियों को मिलने वाली 1500 रुपये की राशि में से 1250 रुपये योजना की नियमित किस्त के रूप में हैं, जबकि 250 रुपये का अतिरिक्त ‘रक्षाबंधन शगुन’ मुख्यमंत्री की ओर से एक विशेष उपहार है।

आमतौर पर लाडली बहना योजना की किस्तें हर महीने की 10 तारीख के बाद आती थीं, लेकिन इस बार रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए सरकार ने इसे अगले सप्ताह ही 7 अगस्त को जारी करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की ओर से राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ से इस ट्रांजैक्शन की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।

सितंबर और अक्टूबर से मिलने वाली राशि में होगा बदलाव

सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अगली यानी सितंबर महीने की 28वीं किस्त में महिलाओं को 1250 रुपये ही मिलेंगे, लेकिन अक्टूबर से हर महीने 1500 रुपये की नियमित किस्त दी जाएगी। यह राशि धीरे-धीरे बढ़ेगी और सरकार का लक्ष्य है कि साल 2028 तक यह राशि 3000 रुपये प्रति माह तक पहुंच जाए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहले ही ऐलान किया था कि प्रदेश की लाडली बहनों को सशक्त बनाने के लिए आर्थिक सहायता को हर साल बढ़ाया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार को बेहतर भविष्य दे सकें।

5000 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी संभव

लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए सरकार ने एक और प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है। यदि कोई लाभार्थी महिला किसी फैक्ट्री, मिल या अन्य उत्पादन इकाई में कार्यरत होती है, तो उसे राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त 5000 रुपये तक की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। इस नई योजना का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।

नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी पहल

मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम मानी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिला है, जिससे उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा किया है।

रक्षाबंधन से पहले यह नई सौगात निश्चित रूप से प्रदेश की बहनों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली है।

Publishers Advertisement