भोपाल नगर निगम की बड़ी उपलब्धि: 182 करोड़ की संपत्तिकर वसूली, लक्ष्य से बस 18 करोड़ दूर

0
382
WAY NEWS
WAY NEWS

भोपाल। नगर निगम भोपाल (BMC) ने चालू वित्तीय वर्ष में संपत्तिकर वसूली के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। निगम के खजाने में अब तक 182 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। निगम ने इस बार छह माह में 200 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा था और अब लक्ष्य पूरा करने के लिए सिर्फ 18 करोड़ रुपये की जरूरत है।

रविवार तक जमा हुए थे 152 करोड़, अब पहुंचा 182 करोड़

नगर निगम की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते रविवार तक निगम के खजाने में 152 करोड़ रुपये बतौर संपत्तिकर जमा हुए थे। इसके बाद महज तीन दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर 182 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। निगम अधिकारियों का दावा है कि करदाताओं की बढ़ती संख्या और सक्रियता के चलते अगले दो दिनों में न केवल लक्ष्य पूरा होगा बल्कि वसूली उससे भी आगे निकल सकती है।

अवकाश के दिन भी खुलेंगे कार्यालय

राजस्व संग्रह में तेजी लाने और करदाताओं को अधिकतम सुविधा देने के लिए निगम ने विशेष कदम उठाए हैं। शुक्रवार को शहर के सभी 85 वार्ड कार्यालयों को रात 7 बजे तक खुला रखा गया, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों ने संपत्तिकर जमा किया। यही नहीं, निगम ने शनिवार और रविवार को भी वार्ड और ज़ोन कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है।

31 अगस्त तक छूट का लाभ, 1 सितंबर से नहीं

नगर निगम ने करदाताओं को लगातार फोन कॉल और मैसेज भेजकर कर समय पर जमा करने की अपील की है। निगम की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 31 अगस्त तक करदाताओं को संपत्तिकर पर 6 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, लेकिन 1 सितंबर से यह छूट समाप्त हो जाएगी। इसके बाद मार्च तक बिना किसी छूट के संपत्तिकर भुगतान करना होगा।

मेहनत रंग लाई

नगर निगम का कहना है कि यह सफलता अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर मेहनत और पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है। बढ़ती जागरूकता और सुचारु ऑनलाइन-ऑफलाइन सिस्टम से वसूली प्रक्रिया तेज हुई है। निगम उम्मीद कर रहा है कि 200 करोड़ के लक्ष्य को हासिल करने के साथ ही इस बार रिकॉर्ड वसूली दर्ज होगी।

Publishers Advertisement