करूर रैली में भगदड़: विजय की सभा में मचा हड़कंप, 39 लोगों की मौत; सीएम स्टालिन मौके पर पहुंचे

0
142
WAY NEWS
WAY NEWS

करूर (तमिलनाडु): तमिलनाडु की सियासत उस समय गहरे सदमे में डूब गई जब करूर जिले में अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय की विशाल रैली के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 12 पुरुष, 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। अस्पतालों में बड़ी संख्या में घायलों का इलाज जारी है।

हादसे की पूरी कहानी

रैली में भारी भीड़ उमड़ी थी। विजय के प्रचार वाहन को भीड़ ने चारों ओर से घेर लिया, जिससे हालात बेकाबू हो गए। जैसे ही विजय ने भाषण देने की कोशिश की, भीड़ के दबाव में कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। दो एंबुलेंस से तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कई लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इस बीच विजय खुद मंच से कार्यकर्ताओं को पानी की बोतलें बांटते और पुलिस से मदद की अपील करते नजर आए। हालांकि, हालात बिगड़ते गए और दर्जनों लोग अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिए गए।

अस्पतालों में अफरातफरी

करूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पतालों में घायलों और मृतकों के परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल के गलियारों में रोते-बिलखते परिजनों का दर्दनाक मंजर देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत अतिरिक्त डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बुलाया।

पूर्व मंत्री और डीएमके नेता वी. सेंथिल बालाजी भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अब तक 31 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई थी, जबकि 58 लोग भर्ती थे। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई।

विजय और सीएम स्टालिन का बयान

घटना पर गहरा दुख जताते हुए विजय ने कहा:
“मैं असहनीय पीड़ा और दुख में हूं। करूर में अपनी जान गंवाने वाले भाइयों और बहनों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया। वे खुद करूर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा:
“करूर से मिली जानकारी अत्यंत चिंताजनक है। प्रशासन को हरसंभव सहायता देने और सामान्य स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।”

राजनीतिक बयानबाजी भी जारी

हादसे के बीच विजय ने अपने भाषण में पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी पर हमला बोलते हुए कहा कि करूर को गलत कारणों से सुर्खियों में लाया गया है। उन्होंने डीएमके सरकार पर करूर हवाई अड्डे के वादे को लेकर सवाल उठाए और भाजपा व एआईएडीएमके गठबंधन को अवसरवादी करार दिया। विजय ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में डीएमके को वोट देना भाजपा को वोट देने के बराबर होगा।

अभिनेता से नेता बने विजय इस समय तमिलनाडु में राज्यव्यापी रैलियां कर रहे हैं। नमक्कल और अन्य जिलों में भी उनकी सभाओं में भारी भीड़ उमड़ी थी। विजय लगातार भाजपा और एआईएडीएमके गठबंधन को जनता विरोधी बता रहे हैं और खुद को एक वैकल्पिक राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं।

Publishers Advertisement