सहरसा में नावों से पहुंचेगा लोकतंत्र, बिहार चुनाव के पहले चरण की तैयारियां पूरी

0
189
WAY NEWS
WAY NEWS

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत 6 नवंबर को राज्य की 122 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण के प्रचार अभियान के मंगलवार को थमने के साथ ही सहरसा जिले में प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं

 चार विधानसभा सीटों पर होगा मतदान

सहरसा जिले की चार विधानसभा सीटें — सोनवर्षा (74), सहरसा (75), सिमरी बख्तियारपुर (76) और महिषी (77) — पहले चरण में शामिल हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि सिमरी बख्तियारपुर और महिषी क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मतदान शाम 5 बजे तक ही कराया जाएगा।

मतगणना 14 नवंबर, शुक्रवार को होगी। जिले में कुल 12 लाख 96 हजार 74 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे — जिनमें 6.79 लाख पुरुष, 6.16 लाख महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

 कुल 1566 मतदान केंद्र, नावों और ट्रैक्टरों से होगी पहुंच

पूरे जिले में 1566 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तटबंध और जलभराव वाले क्षेत्रों में मतदान सामग्री और कर्मियों को पहुंचाने के लिए जीपीएस युक्त नावों और ट्रैक्टरों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने बताया कि रात के समय नावों की पहचान के लिए उन पर रेडियम लाइट स्ट्रिप लगाई गई है।

विधानसभावार मतदान केंद्र और मतदाता:

* **सोनवर्षा:** 6 प्रत्याशी, 358 मतदान केंद्र, 3,01,868 मतदाता
* **सहरसा:** 10 प्रत्याशी, 437 मतदान केंद्र, 3,69,912 मतदाता
* **सिमरी बख्तियारपुर:** 15 प्रत्याशी, 410 मतदान केंद्र, 3,36,625 मतदाता
* **महिषी:** 14 प्रत्याशी, 361 मतदान केंद्र, 2,87,669 मतदाता

सिमरी बख्तियारपुर और महिषी के पूर्वी कोसी तटबंध क्षेत्र में कुल 115 मतदान केंद्रदुर्गम इलाकों में हैं, जहां विशेष क्लस्टर पॉइंट बनाए गए हैं और बिजली, प्रकाश एवं जनरेटर की सुविधा दी गई है।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 53 कंपनियां CAPF, 2 कंपनियां BSAP, 1500 पुलिसकर्मी, और 2400 होमगार्ड जवानों की तैनाती की है। इसके अलावा, 8 SDRF टीमों को भी दुर्गम इलाकों में तैनात किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

 मतगणना केंद्र और प्रशासनिक जिम्मेदारियां

* **सोनवर्षा व महिषी:** रमेश झा महिला महाविद्यालय
* **सहरसा:** सहरसा जिला स्कूल
* **सिमरी बख्तियारपुर:** राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, सहरसा

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए वरिष्ठ अधिकारी बतौर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

विशेष सुविधाएं मतदाताओं के लिए

जिले में इस बार12 मॉडल मतदान केंद्, 11 यूथ केंद्र, 15 वीमेन केंद्र और 4 पीडब्लूडी केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुरुष और महिला के लिए अलग शौचालय स्वच्छ पेयजल, बिजली, और रैंप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए 794 व्हीलचेयर और स्वयंसेवकों की सहायता का प्रावधान किया गया है। साथ ही सक्षम ऐप” के जरिए पंजीकृत मतदाताओं को मतदान दिवस पर वाहन सुविधा भी दी जाएगी।

निगरानी और सख्ती

डीएम दीपेश कुमार ने बताया कि जिले में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का एक मामला जन सुराज पार्टी के अभिकर्ता के खिलाफ दर्ज किया गया है। अब तक 40.39 लाख रुपये नकद और 11,153 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इसके अलावा 3092 मतदान कर्मियों ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कर लिया है।

सहरसा प्रशासन ने दावा किया है कि इस बार “लोकतंत्र का पर्व” शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगा। नावों, ट्रैक्टरों और तकनीकी निगरानी के साथ कोसी के तटबंध क्षेत्रों में भी लोकतंत्र की गूंज सुनी जाएगी।

Publishers Advertisement