
Barwani News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में आज एक दुखद घटना घटी, जब 40 वर्षीय कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर अंगूर बाला लोनखेड़े ने नर्मदा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि इस कदम के पीछे पति द्वारा दिवाली के अवसर पर मंगलसूत्र नहीं दिलाने को लेकर हुई नाराजगी थी।
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि अंगूरबाला आज सुबह छोटी कसरावद स्थित नर्मदा नदी के 125 फीट ऊंचे पुल पर पहुंचीं और अचानक नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल SDRF टीम और पुलिस को सूचना दी। SDRF की टीम ने उन्हें नदी से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अंगूरबाला और उनके पति डॉक्टर कृष्णा लोनखेड़े (इंदौर में बाल रोग विशेषज्ञ) के बीच कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, अंगूरबाला ने पति से दिवाली पर सोने का मंगलसूत्र दिलाने की मांग की थी। डॉक्टर कृष्णा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी बेटी के लिए गहना खरीदा था और अंगूरबाला को भी मंगलसूत्र दिलाने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने महंगे होने का हवाला देकर मना कर दिया।
डॉक्टर कृष्णा ने आगे बताया कि उन्होंने बाद में अंगूरबाला के लिए सोने का ब्रेसलेट खरीदा, लेकिन पत्नी ने कहा कि आपने अपने लिए तो ब्रेसलेट खरीद लिया, लेकिन मेरे लिए मंगलसूत्र नहीं लिया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई और अंगूरबाला नाराज होकर स्कूटर लेकर घर से निकली। पति ने 112 पर तुरंत सूचना दी और उनके पीछे भी गए, लेकिन पुल तक पहुँचने से पहले ही अंगूरबाला ने छलांग लगा दी।
बड़वानी की सीएमएचओ डॉक्टर सुरेखा जमरे ने बताया कि अंगूरबाला जिले के राजपुर ब्लॉक के बोरली स्थित हेल्थकेयर वेलनेस सेंटर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं।
पुलिस अब परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद का कारण केवल मंगलसूत्र था या इसके पीछे कुछ और भी मानसिक या पारिवारिक तनाव था।










