पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन 26 जुलाई से फिर होगी शुरू, हर शनिवार-रविवार सैलानियों को कराएगी वादियों की सैर

0
168
WAY NEWS
WAY NEWS

इंदौर/महू। मध्यप्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इलाकों में शुमार पातालपानी-कालाकुंड रूट पर चलने वाली प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन एक बार फिर से पर्यटकों के लिए शुरू होने जा रही है। मानसून की रिमझिम फुहारों के बीच वादियों का आनंद लेने वाले सैलानियों के लिए यह किसी खुशखबरी से कम नहीं। रेलवे ने इस ऐतिहासिक रूट पर 26 जुलाई से हेरिटेज ट्रेन के पुनः संचालन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। ट्रेन हर शनिवार और रविवार को चलेगी। इस बार ट्रेन में नए और आधुनिक विस्टाडोम कोच भी लगाए गए हैं, जो यात्रियों को बेहद अलग अनुभव देंगे।

चार महीने बाद फिर चलेगी सुहानी वादियों की ट्रेन

चार महीने के अंतराल के बाद पातालपानी से कालाकुंड तक चलने वाली इस ट्रेन को एक बार फिर से हरी झंडी दिखाने की तैयारी हो चुकी है। रतलाम मंडल ने ट्रेन संचालन को लेकर विभागीय आदेश भी जारी कर दिए हैं। गर्मी के मौसम में ट्रेन का संचालन रोका गया था, लेकिन अब मानसून की शुरुआत के साथ यह ट्रेन दोबारा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।

ट्रायल रन सफल, टिकट बुकिंग भी जल्द

रेलवे ने हाल ही में इस ट्रेन का एक ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसके साथ ही संचालन की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। रेलवे के अनुसार जल्द ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी जाएगी।

प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का अनोखा मेल

हेरिटेज ट्रेन का यह सफर न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि रोमांच से भरपूर भी। यह ट्रेन महू तहसील की घने जंगलों, ऊंची-नीची पहाड़ियों और प्राकृतिक झरनों के बीच से होकर गुजरती है। पातालपानी झरने की खूबसूरती, रास्ते में सुनाई देती पक्षियों की चहचहाट, और स्टेशनों पर मिलने वाले भुट्टे, मैगी, भजिए जैसे लज़ीज़ नाश्ते इस यात्रा को यादगार बना देते हैं।

यह रहेगा किराया और सीटों की व्यवस्था

रेलवे ने इस बार ट्रेन में दो विस्टाडोम कोच और तीन नॉन-एसी चेयर कार कोच लगाए हैं। इनकी सुविधाएं और किराया निम्नानुसार हैं:

  • विस्टाडोम कोच:

    • कुल दो कोच

    • प्रत्येक कोच में 60 सीटें, कुल 120 सीटें

    • किराया: ₹265 प्रति व्यक्ति (एक ओर)

    • खासियत: बड़ी खिड़कियां, ट्रेलिंग विंडो, स्नैक्स टेबल, साइड पेंट्री और साफ-सुथरे टॉयलेट

  • नॉन-एसी चेयर कार:

    • कुल तीन कोच

    • दो कोच में 64-64 सीटें, एक में 24 सीटें

    • किराया: ₹20 प्रति व्यक्ति

ट्रेन का टाइमटेबल और स्टॉपेज पहले जैसा ही रहेगा। हालांकि पातालपानी स्टेशन तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को सड़क मार्ग से ही आना होगा।

हेरिटेज ट्रेन का इतिहास

इस हेरिटेज ट्रेन का शुभारंभ 25 दिसंबर 2018 को किया गया था। शुरुआत से ही यह ट्रेन पर्यटकों की पसंद बनी रही। हालांकि कोविड-19 महामारी के चलते अप्रैल 2020 में इसका संचालन बंद करना पड़ा। बाद में 4 अगस्त 2021 को इसमें कई सुविधाओं के साथ इसे दोबारा शुरू किया गया। यह ट्रेन हर साल मानसून और ठंड के मौसम में संचालित होती है, जबकि गर्मी में इसे बंद कर दिया जाता है।

Publishers Advertisement