दिल्ली में निवेशकों से वन-टू-वन करेंगे सीएम मोहन यादव, पीएम मित्रा पार्क को टेक्सटाइल हब बनाने पर होगा मंथन

0
674
WAY NEWS
WAY NEWS

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 3 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले “इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन पीएम मित्रा पार्क” इंटरैक्टिव सेशन में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री करेंगे वन-टू-वन मीटिंग

इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग करेंगे। वे निवेशकों को राज्य में उपलब्ध अधोसंरचना, निवेश-हितैषी नीतियों और टेक्सटाइल सेक्टर में नए अवसरों के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही यह भी बताएंगे कि कैसे पीएम मित्रा पार्क प्रदेश की औद्योगिक तस्वीर बदलने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करेगा।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी रहेंगे मौजूद

इस इंटरैक्टिव सेशन में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि होंगे। वे भारत के टेक्सटाइल सेक्टर की वैश्विक भूमिका और पीएम मित्रा पार्क की अहमियत पर अपने विचार साझा करेंगे। उनके साथ वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव और अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल भी मौजूद रहेंगे, जो केंद्र सरकार की नीतियों और टेक्सटाइल उद्योग में उभरते वैश्विक अवसरों की जानकारी देंगे।

मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल हब बनाने पर फोकस

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के प्रमुख सचिव (औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन) राघवेन्द्र सिंह और टेक्सटाइल विभाग के अधिकारी भी विस्तृत प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें राज्य में क्लस्टर आधारित विकास, विशेष पैकेज और औद्योगिक निवेश की योजनाओं पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री यादव का मुख्य जोर यह दिखाने पर होगा कि कैसे मध्यप्रदेश को ‘टेक्सटाइल हब ऑफ इंडिया’ के रूप में विकसित किया जा सकता है। राज्य के पीएम मित्रा पार्क को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं के साथ तैयार किया जा रहा है, जिससे कपड़ा उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएँ

राज्य सरकार का दावा है कि इस पार्क के विकसित होने से न सिर्फ बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। यह पार्क कपड़ा उद्योग की पूरी वैल्यू चेन — स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग से लेकर गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग तक — को एकीकृत रूप में जोड़कर उद्योगपतियों के लिए एक बड़ा अवसर प्रस्तुत करेगा।

निवेशकों के लिए बड़ा मौका

इंटरैक्टिव सेशन में देश-विदेश से आए निवेशक, नीति-निर्माता और उद्योग विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस मंच पर न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा देने वाली चर्चाएँ होंगी।

Publishers Advertisement