इंदौर में स्कूल बस चालक का खौफनाक जुर्म: पत्नी को गोली मारकर बोला—हुआ था एक्सीडेंट

0
236
WAY NEWS
WAY NEWS

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। निजी स्कूल के बस चालक ईश्वर ने अपनी पत्नी रानी (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का एक निजी स्कूल की शिक्षिका तोसिबा नामक महिला से प्रेम संबंध था, जिसका पत्नी रानी विरोध कर रही थी। विरोध से नाराज़ ईश्वर ने दोस्त की मदद से वारदात को अंजाम दिया और हत्या को सड़क हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

दुर्घटना बताकर शव छोड़कर फरार
एडीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह के अनुसार, घटना बुधवार देर रात की है। वारदात के बाद ईश्वर ने पत्नी के शव को एमवाय अस्पताल पहुंचाया। वहां, अपने जेठ दीपक, मनोज और जेठानी दीपा के साथ मिलकर डॉक्टर को बताया कि रानी को वाहन से टक्कर लगी है। शव को मर्च्यूरी में रखवा दिया गया।

भाई ने खोला हत्या का राज
रानी के भाई सुनील और लखन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने शव देखकर तुरंत पुलिस को बताया कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि हत्या है। दरअसल, रानी का सिर बुरी तरह से घायल था और खून का बहाव गोली लगने जैसा था। सुनील ने पुलिस को बताया कि ईश्वर पत्नी से अक्सर मारपीट करता था और चाहता था कि वह मायके में रहकर तलाक दे दे।

राखी पर धमकी दी थी
भाई के अनुसार, राखी के दिन ईश्वर ने फोन पर धमकी दी थी—”तीन दिन में फाइल निपटा दूंगा”। इसके बाद, राखी का त्योहार मनाकर वह रानी को देवास से अपने घर ले आया। उसी रात वारदात को अंजाम दिया गया।

पोस्टमार्टम में खुला सच
गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रानी के सिर में गोली मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने ईश्वर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। दबाव में आने पर उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि रानी जब घर की ओर लौट रही थी, तब वह हेलमेट पहनकर बाइक पर आया और सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।

दोस्त के साथ रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, ईश्वर ने यह पूरी योजना अपने एक दोस्त के साथ मिलकर बनाई थी। फिलहाल पुलिस उस दोस्त की तलाश में जुटी है, जिसने आरोपी को हथियार उपलब्ध कराया और हत्या में मदद की।

11 साल की शादी, दो मासूम बच्चे अनाथ
रानी का मायका शिप्रा में है। उसकी शादी ईश्वर से 11 साल पहले हुई थी। 7 साल की बेटी मinali और 3 साल का बेटा गिर्राज अब मां-बाप के साये से दूर हो गए हैं। रानी एक निजी स्कूल में हाउसकीपिंग का काम करती थी और घर का खर्च चलाने में मदद करती थी।

टीआई सहर्ष यादव ने बताया कि आरोपी ईश्वर से पूछताछ जारी है। वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और फरार दोस्त को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

Publishers Advertisement