
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया और राज्य स्तरीय समारोह में परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न झांकियों ने देशभक्ति का माहौल और भी प्रगाढ़ कर दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य लोक निर्माण के माध्यम से लोक कल्याण करना है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
मुख्यमंत्री के प्रमुख घोषणाएँ और उपलब्धियों का विवरण
-
जनकल्याण योजनाएँ: सीएम ने बताया कि प्रदेश में 1 करोड़ 33 लाख परिवारों को निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है, और पेसा नियम के तहत ग्राम सभाओं को अधिक सशक्त बनाया गया है।
-
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: 21 जिलों में 66 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स की शुरुआत की गई है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा सेवाएँ आसानी से पहुँच सकें।
-
आवास एवं बुनियादी ढाँचा: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 38 लाख आवासों का निर्माण हुआ है, जिससे देश में मध्य प्रदेश दूसरा स्थान रखता है। इसके अलावा, 8 लाख से अधिक शहरी परिवारों को भी पक्के मकान दिए गए हैं।
-
जल संरक्षण: अमृत सरोवर 2 के तहत प्रदेश में 1,000 से अधिक तालाब और सरोवर बनाए जा रहे हैं। खंडवा जिला देश में जल संचय में प्रथम स्थान पर आया है।
-
पर्यावरण एवं हरियाली: “एक बगिया माँ के नाम” परियोजना के तहत 30,000 से अधिक फलदार पौधे लगाए जाएंगे
-
शहरी विकास: भोपाल और इंदौर को केंद्र में रखकर दो मेट्रोपोलिटन क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। स्वच्छता में भी प्रदेश के कई शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
-
सुरक्षा एवं परिवहन: डायल 100 को डायल 112 से जोड़कर 1,200 नई गाड़ियों की तैनाती की गई है। रीवा, सतना और दतिया में नए हवाई अड्डों की शुरुआत के साथ विमान सेवाओं का विस्तार हुआ है।
-
शिक्षा: सभी 55 जिलों में पीएमश्री कॉलेज शुरू किए गए हैं। सांदीपनी विद्यालय की स्थापना हो रही है और योग्य विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी उपलब्ध कराई जा रही है।
-
वन्यजीव एवं पर्यटन: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को देश में प्रबंधन के लिए दूसरा स्थान, जबकि कान्हा टाइगर रिजर्व को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया है। चीता प्रोजेक्ट के तहत कूनो में 26 चीते हैं और गांधी सागर में भी उनका आवास तैयार हो गया है।
-
धरोहर एवं संस्कृति: प्रदेश में 121 गाँवों में होम-स्टे विकसित किए गए हैं और यह देश में सर्वाधिक यूनेस्को धरोहर स्थलों वाला राज्य है। श्रीराम वन गमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय के निर्माण की योजना है।
मुख्यमंत्री ने मई माह में आयोजित तिरंगा यात्रा का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को और प्रबल बनाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा।
अपने संबोधन के अंत में डॉ. यादव ने कहा,
“हम सभी के सहयोग से विकास का कारवां आगे बढ़ता रहेगा। मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प हम सभी का है।”










