पीएम मोदी आज नोएडा और बांसवाड़ा में देंगे मेगा गिफ्ट, 1.22 लाख करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

0
146
WAY NEWS
WAY NEWS

जयपुर/नोएडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश और राजस्थान के दौरे पर हैं। इस दौरान वे नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (UPITS-2025) का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचकर 1.22 लाख करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

नोएडा में इंटरनेशनल ट्रेड शो का शुभारंभ

सुबह प्रधानमंत्री मोदी नोएडा में ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन “मेक इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को और मज़बूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यहां भारत की विनिर्माण क्षमता और स्टार्टअप इकोनॉमी को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

दोपहर में बांसवाड़ा का दौरा

नोएडा से प्रधानमंत्री मोदी दोपहर लगभग 1:45 बजे राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचेंगे। यहां वे 2800 मेगावाट क्षमता वाली माही बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह राजस्थान की दूसरी और देश की एक महत्वपूर्ण परियोजना होगी, जो ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।

बांसवाड़ा से जुड़ी प्रमुख घोषणाएं और योजनाएं

प्रधानमंत्री मोदी कुल 1,22,100 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें ऊर्जा, परिवहन, रेलवे और सड़क विकास जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्य परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

  • 2800 मेगावाट माही बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना

  • 90 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजना

  • 5.5 गीगावाट क्षमता वाली ट्रांसमिशन लाइनें

  • सड़कों, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत ढांचा विकास परियोजनाएं

  • बीकानेर से दिल्ली तक वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ

  • जोधपुर से दिल्ली और चित्तौड़गढ़ से उदयपुर तक नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत

किसानों और सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कुसुम योजना के 50 लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इनमें महाराष्ट्र के 6 लाभार्थी वर्चुअली जुड़ेंगे और राजस्थान की 6 महिला किसान भी उपस्थित रहेंगी, जो अपने खेतों में सौर ऊर्जा का सफल उपयोग कर रही हैं।

आदिवासी बहुल क्षेत्र के विकास पर जोर

बांसवाड़ा, दक्षिण राजस्थान का आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जो गुजरात और मध्य प्रदेश की सीमा से सटा है। यहां बड़ी परियोजनाओं की सौगात देकर केंद्र सरकार न सिर्फ इस पिछड़े इलाके में विकास और रोज़गार के अवसर लाने का संदेश दे रही है, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय हो रही आदिवासी पहचान की राजनीति को भी विकास के एजेंडे से साधने की कोशिश कर रही है।

राजस्थान में पहले से रावतभाटा में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। बांसवाड़ा की यह दूसरी परियोजना राज्य को ऊर्जा उत्पादन में और मज़बूत बनाएगी और दक्षिण राजस्थान के आर्थिक-सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

Publishers Advertisement