दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात: देवर के प्यार में पागल पत्नी ने पति को दी नशीली दवा, फिर बिजली के करंट से मार डाला

0
302
WAY NEWS
WAY NEWS

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानी संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। द्वारका इलाके में एक महिला ने अपने ही देवर के साथ मिलकर पहले पति को नशीली दवा देकर बेहोश किया और फिर बिजली के करंट देकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। हत्या की यह साजिश बेहद शातिराना अंदाज में रची गई थी, लेकिन छोटे देवर की सजगता ने इस जघन्य अपराध की परतें खोल दीं।

पति के साथ ही रिश्तों की भी हत्या

घटना 13 जुलाई की है, जब द्वारका के उत्तम नगर स्थित माता रूपरानी मग्गो अस्पताल में एक युवक को बेहोशी की हालत में लाया गया था। युवक की पहचान करन देव के रूप में हुई। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में करन की मौत को हादसा मानकर उसका पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया, लेकिन इस पूरे मामले में ट्विस्ट तब आया, जब मृतक के छोटे भाई को उसकी भाभी पर शक हुआ।

प्यार में पागल पत्नी ने रचा खूनी खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक करन की पत्नी सुष्मिता का अवैध संबंध उसके चचेरे देवर राहुल देव से चल रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां इतनी बढ़ गई थीं कि उन्होंने करन को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पूछताछ में सुष्मिता और राहुल ने बताया कि उन्होंने करन को पहले नींद की गोलियां दीं और फिर घर में मौजूद बिजली के तारों से उसे करंट देकर मार डाला।

हत्या के बाद सुष्मिता ने घरवालों के सामने यह कहानी बनाई कि करन अचानक गिर पड़ा और बेहोश हो गया। जल्दबाज़ी में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों को शक न हो, इसलिए सुष्मिता ने गहरी चिंता जताई और मामले को एक दुर्घटना की तरह पेश किया।

छोटे देवर की सतर्कता से खुला राज

करन का छोटा भाई कुणाल सारा घटनाक्रम देख रहा था। उसे पहले से ही अपनी भाभी और भाई राहुल के बीच चल रहे रिश्तों पर शक था। एक दिन उसे दोनों के बीच की संदिग्ध चैट और कॉल रिकॉर्डिंग मिली, जिससे उसकी शंका और गहरा गई। इसी आधार पर उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी और हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली परतें

कुणाल की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि करन की मौत बिजली के करंट से हुई है। इस आधार पर पुलिस ने सुष्मिता और राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

हत्या के आरोप में गिरफ्तार, जांच जारी

द्वारका जिला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। फोन चैट, कॉल लॉग्स और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह सिद्ध हो चुका है कि यह सुनियोजित हत्या थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, “यह मामला केवल एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के साथ विश्वासघात का सबसे घिनौना उदाहरण है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे संभव हैं।”

दिल्ली में सामने आया यह मामला न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि किस तरह रिश्तों की मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों को कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए कुचलने से भी नहीं हिचकिचाते। यह घटना समाज को यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि अगर घर के भीतर ही रिश्तों की हत्या होने लगे तो भरोसा बचेगा कहां?

Publishers Advertisement