
भोपाल। राजधानी में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि रात हो या दिन, मौका मिलते ही वे वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। बीते 24 घंटों के भीतर बैरसिया और ऐशबाग थाना क्षेत्रों में लूट की दो घटनाएँ सामने आईं। इनमें बदमाशों ने एक किसान और एमसीए छात्र से मोबाइल और बाइक छीन ली। पुलिस ने बैरसिया कांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ऐशबाग लूट के तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
बैरसिया में किसान से लूटी बाइक और मोबाइल
जानकारी के मुताबिक, सर्जन सिंह गुर्जर (45), निवासी ग्राम रमगढ़ा, पेशे से किसान हैं। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम के लिए बैरसिया जा रहे थे। ग्राम इमलिया स्वरूप के पास अज्ञात व्यक्ति ने उन पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। तभी बदमाश उनकी बाइक और रेडमी कंपनी का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। इस दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध युवक ग्राम नलखेड़ा के पास खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली।
पकड़े गए युवक का नाम अभिषेक अहिरवार (20), निवासी ग्राम बांदीखेड़ी थाना गुनगा है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर पहले से थाना गुनगा और निशातपुरा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ऐशबाग में एमसीए छात्र से लूट
इसी बीच ऐशबाग क्षेत्र में भी लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चंदन सिंह (20), जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल पटेल नगर में किराए से रहकर एक प्राइवेट कॉलेज से एमसीए की पढ़ाई कर रहा है, मंगलवार देर रात अपने दोस्त को लेने प्रभात चौराहे पहुंचा था।
रात करीब सवा एक बजे वह दोस्त का इंतजार कर रहा था कि तभी तीन युवक उसके पास आए। खुद को डिलीवरी बॉय बताते हुए उन्होंने चंदन से एक पता पूछा। जब उसने जानकारी से इंकार किया तो तीनों उससे बहस करने लगे। अचानक एक युवक ने चंदन के हाथ से मोबाइल छीना, दूसरा उसकी बाइक लेकर भाग गया और तीसरा साथी भी उनके साथ फरार हो गया।
पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश जारी है।
पुलिस की सख्ती, लोगों से सतर्क रहने की अपील
दोनों घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि बैरसिया वारदात का आरोपी सलाखों के पीछे है और ऐशबाग लूट के आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि देर रात सुनसान जगहों पर अकेले न निकलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दें।










